Saturday, 18 March 2017

गिरना मना है ....



जब कोई छोटा बच्चा चलना सीखता है तब प्रायः बार-बार गिर जाता है और फिर से चलने के लिए  तैयार उठ खड़ा हो जाता है और एक दिन ऐसा आता है कि वह चलने में पूर्णतः समर्थ हो जाता है । ऐसे ही जब हमने साईकिल सिखी थी तो न जाने कितनी बार गिरे होंगे परन्तु कुछ काल पश्चात् उसमें भी हम पारंगत हो गए थे। इसका अर्थ यह हुआ कि आगे बढ़ने के लिए या सफल होने के लिए सब से पहले हमें गिरना होता है जैसे कि हम देखते हैं कि एक बछड़ा जब जन्म लेता है तो गाय उसको चाट-चाट कर साफ़ करती है, बछड़ा बार-बार गिरते रहता है परन्तु उसकी माँ तब तक चाटते रहती है जब तक वो पूरी तरह खड़ा नहीं हो जाता।
इन सब दृश्यों को देखते हुए कुछ लोग यह निश्चय कर लेते हैं कि गिरना भी जरुरी है। कुछ लोगों का कहना है कि “गिरता वही है जो चलता है” परन्तु यह एक विचारणीय बिन्दु है कि- क्या गिरना जरुरी है ? क्या बिना गिरे कोई चल नहीं सकता ? आखिर कोई गिरता क्यों है ? वास्तव में देखा जाये तो व्यक्ति की असामर्थ्यता, अयोग्यता, अथवा न्यूनता के कारण ही व्यक्ति पतन को प्राप्त होता है। गड्ढ़े में गिरना, कहीं फिसल जाना, पतित होना किसी को भी अच्छा नहीं लगता। व्यक्ति स्वयं भी पतित होना नहीं चाहता और किसी को पतित होते देख कर उसको भी अच्छा नहीं मानता। गिरने से हानि होती है, यह सब जानते हैं इसीलिए हमारे बुजुर्ग अनुभवी लोग हमें सदा सचेत करते रहते हैं और कहते हैं कि “गिरना मत”। जीवन में हम अनेक बार गिरते हैं, गिरने पर कुछ लोग हंसनेवाले भी होते हैं और कुछ सहारा देकर उठाने वाले भी। हंसने वालों को देखकर ऊपर उठाना कभी नहीं भूलना चाहिए, उन्नति के लिए अपने प्रयत्न को स्थगित नहीं करना चाहिए।
केवल शरीर से ही भूमि पर गिर जाना मात्र पतित होना नहीं होता किन्तु जीवन में हम अनेक बार अनेक प्रकार से पतन को प्राप्त होते हैं। जब हमें कोई रोग विशेष हो जाता है और शरीर कमजोर हो जाता है तब हम कहते हैं कि हमारा शारीरिक स्वास्थ्य में गिराबट हो गया है। ठीक ऐसे ही जब हम किसी कार्य में अथवा अपने लक्ष्य के प्रति उत्साहहीन हो जाते हैं तब हम मन से पतित हो जाते हैं। हमारा मन सत्व-रज-तम तीनों गुणों से बना हुआ है अतः जब मन में सत्वगुण की न्यूनता और तमोगुण की अधिकता हो जाये और हम असत्य, अन्याय वा अधर्म आदि से युक्त हो जाते हैं तब हम मानसिक रूप से पतित हो जाते हैं। ऐसे अनेक प्रकार से हम गिरते रहते हैं। जब जब हम ईश्वर को छोड़ देते हैं तब तब हम गिर जाते हैं, पतन को प्राप्त होते रहते हैं। यदि एक व्यक्ति ने संकल्प लिया है कि मैं किसी मांस आदि अभक्ष चीज को नहीं खाऊंगा, शराब आदि नशीली चीज को नहीं पीऊंगा, किसी अश्लील चीज को नहीं देखूंगा इत्यादि फिर भी संकल्प के विपरीत यदि हम खा-पी लेते हैं, उस वस्तु का सेवन कर लेते हैं तो वहां पर हम पतित हो जाते हैं। सबसे पहले तो हम अपने ही नजर में गिर जाते हैं, जिससे हमारी संकल्प शक्ति में कमी आ जाती है और आत्मविश्वास भी घट जाता है। इस प्रकार दूसरे लोग भी हमें विश्वास नहीं करते और समाज में हमारी अप्रतिष्ठा भी हो जाती है।

एक पाठशाला में गुरु जी अपने शिष्यों को कुछ जीवनोपयोगी शिक्षा दे रहे थे। वहां पर एक बालक एकलव्य जैसा भी था जो दूर से उस पाठ को श्रवण कर रहा था। गुरुदेव ने उपदेश दिया कि बच्चो! अपने जीवन में किसी भी परिस्थिति में कभी भी गिरना मत। बस इतना सुनना था कि उस उपदेश का शिष्य के हृदय में गहरा छाप पड गया और उसका जीवन ही बदल गया। उसने इस छोटे से उपदेश को ही अपने जीवन का सर्वस्व मान लिया, मन ही मन उसको गुरु जी का आदेश मान लिया। उसने मन में निश्चय कर लिया कि इस वचन को मैं कभी भी भंग नहीं करूँगा,इसी को ही आजीवन पालन करूँगा। इसी को ब्रह्म-वाक्य मान करके दिन रात केवल इसी के विषय में विचार करने लगा । सदा इसी के चिंतन-मनन में खो गया। एक दिन  ऐसा आया कि न वो अपने आपके नज़र में कभी गिरा और न ही माता पिता के नज़र में गिरा और न ही समाज के नज़र में गिरा और न ही ईश्वर के नज़र में गिरा । पग पग में अपने समस्त व्यवहारों में बस यही निरिक्षण करते रहता था कि मैं कहीं गिर न जाऊं । क्योंकि उसने गुरु जी से एक दिन के उपदेश में यह भी सुना था कि विद्या चार प्रकार से आती है , आगम काल, स्वाध्याय-काल, प्रवचन-काल और व्यवहार-काल। इस विषय में गुरु जी ने एक दृष्टान्त भी सुनाया था कि गुरु द्रोणाचार्य ने अपने विद्यार्थियों को एक उपदेश दिया कि क्रोध नहीं करना चाहिये, सभी ने पाठ सुना दिया परन्तु युधिष्ठिर ने कहा कि मुझे याद नहीं हुआ। फिर जब गुरु जी ने डंडे से मारा, ताड़ना की तब युधिष्ठिर जी ने कहा कि गुरु जी मुझे पाठ याद हो गया। गुरु द्रोणाचार्य जी ने पूछा कि पहले तो पाठ याद नहीं हुआ था फिर मार पड़ने मात्र से याद कैसे हो गया ? तब युधिष्ठिर ने कहा कि आपने इतना मारा फिर भी मेरे मन में लेश मात्र भी क्रोध नहीं आया। इसका अर्थ हुआ कि पाठ का चौथा स्तर व्यवहार में आ गया। हम अनेक बातों को, उपदेशों को केवल सुनते ही रहते हैं और कुछ स्मरण रखते तथा कुछ को भूला देते हैं। नहीं तो एक ही उपदेश व्यक्ति के जीवन को पूर्णतया परिवर्तन करने में, उसको उन्नति के शिखर पर पहुँचा देने में समर्थ है, यदि वह उस सुनी हुई विद्या को अपने जीवन में व्यावहारिक स्तर पर क्रियान्वयन करके चतुर्थ-स्तर पर हस्तगत कर लेता है। महर्षि दयानन्द जी जैसे अनेक साधु, सन्त, महात्मा, ऋषि हुए हैं जिन्होंने अपने एक ही उपदेश के माध्यम से अमीचंद जैसे अनेकों के जीवन को एक नया मोड़ ही दे दिया और सफलता और उत्कर्ष के शिखर को प्राप्त तक करा दिया। ये केवल उपदेश करने वाले की विशेषता नहीं है अपितु उस उपदेश को क्रियान्वयन करके सफल करने वाले की विशेषता है। यदि हम अपनी अज्ञानता, अल्पज्ञता वा असामर्थ्यता के कारण कभी गिर भी जाते हैं तो भी सदा प्रयत्नशील रहना चाहिये फिर से उठ खड़े होने के लिए और सबसे अच्छी स्थिति तो यही है कि हम इतना सजग-सावधान व जागरूक रहें कि कभी गिरने का अवसर ही प्राप्त न हो। एक अध्यात्मिक व्यक्ति अथवा एक योगाभ्यासी सदा सजग- सावधान व जागरूक रहता है और अपने जीवन में कभी पतित होता ही नहीं। नवीन केवली 

Saturday, 11 March 2017

संस्कृत भाषा की महता

असम सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों में 8वीं क्लास तक संस्कृत को अनिवार्य बनाने का फैसला किया है। हमारे देश में एक विशेष समूह है जो हमारी सभी प्राचीन मान्यताओं का हरसंभव विरोध करना अपना कर्त्तव्य समझता है। इन्हें हम साम्यवादी, कम्युनिस्ट, एक्टिविस्ट, पुरस्कार वापसी, JNU के अधेड़ आदि नामों से जानते है। अपनी पुरानी आदत के चलते इन्होंने अनेक कुतर्क देने आरम्भ किये। नवभारत टाइम्स अख़बार में 6 मार्च को दिल्ली संस्करण में "संस्कृत का मोह" शीर्षक से संपादकीय प्रकाशित हुआ। इस संपादकीय में दिए गए कुतर्कों कि हम समीक्षा करेंगे। 
कुतर्क नंबर 1. आज जब दुनिया भर के शिक्षाविद और मनोवैज्ञानिक बच्चों के बस्ते का बोझ कम करने के उपाय खोजने में जुटे हैं, तब असम सरकार उन पर एक और विषय का भार लाद रही है।

समाधान- बच्चों के बस्ते का बोझ तो केवल बहाना है। शिक्षा के मूल उद्देश्य से परिचित होते तो कभी ऐसा कुतर्क नहीं देते। वैदिक विचारधारा में शिक्षा का मुख्य उद्देश्य मनुष्य को समाज का एक ऐसा आदर्श नागरिक बनाना है जो समाज और राष्ट्र को अपने योगदान द्वारा समृद्ध करे एवं उन्नति करे। पाश्चात्य शिक्षा का उद्देश्य केवल एक पैसा कमाऊ मशीन बनाना है जो अपने भोगवाद की अधिक से अधिक पूर्ति के लिए येन-केन प्रकारेण धन कमाए। आप स्वयं देखे अनेक पढ़े लिखे युवक आज अपनी महिला मित्र को प्रसन्न करने के लिए या सैर सपाटे के लिए चोरी करते है। क्योंकि उनकी शिक्षा में उन्हें नैतिक मूल्यों, सामाजिक कर्त्तव्य, राष्ट्र उन्नति के लिए योगदान देने, महान एवं प्रेरणादायक प्राचीन इतिहास आदि के सम्बन्ध में कुछ भी नहीं बताया जाता।  यह कार्य संस्कृत शिक्षा के माध्यम से भली प्रकार से हो सकता है। यही प्राचीन गुरुकुलीय संस्कृत शिक्षा पद्यति का उद्देश्य था। 
कुतर्क नंबर 2- अंग्रेजी-हिंदी के अतिरिक्त तीसरी भाषा के रूप में तमिल, तेलुगू, कन्नड़ या असमिया आदि जीवित स्थानीय भाषा सिखाई जाये। संस्कृत तो मृत भाषा है।
समाधान-  मृत और जीवित भाषा की कल्पना केवल मात्र कल्पना है। भारत में कुछ लोग लैटिन, हिब्रू, ग्रीक, अरबी, फारसी आदि भाषाओं को प्रोत्साहित करते है।  आप कभी इन भाषाओं को मृत नहीं बताते। क्यों? क्योंकि यह दोहरी मानसिकता है।  उसके ठीक उलट आप इन भाषाओँ के संरक्षण के लिए सरकार से सहयोग की अपेक्षा करते है। कोई भी व्यक्ति जो संस्कृत भाषा कि महता से अनभिज्ञ है इसी प्रकार की बात करेगा परन्तु जो संस्कृत भाषा सीखने के लाभ जानता है उसकी राय निश्चित रूप से संस्कृत के पक्ष में होगी। संस्कृत भाषा को जानने का सबसे बड़ा लाभ यह है कि हमारे धर्म ग्रन्थ जैसे वेद, दर्शन, उपनिषद्, रामायण, महाभारत, गीता इत्यादि में वर्णित नैतिक मूल्यों, सदाचार,चरित्रता, देश भक्ति, बौद्धिकता शुद्ध आचरण आदि गुणों को संस्कृत की सहायता से जाना जा सकता हैं। जो जीवन में हर समय आपका मार्गर्दर्शन करने में परम सहायक है। कल्पना कीजिये जिस समाज में कोई चोर न हो, कोई व्यभिचारी न हो, कोई पापकर्म न करता हो।  वह समाज कितना आदर्श समाज होगा। वैदिक शिक्षा प्रणाली में इसी प्रकार के आदर्श समाज की परिकल्पना है। इसी समाज को महात्मा गाँधी आदर्श समाज के रूप में रामराज्य के रूप में मानते थे। अगर संस्कृत भाषा को अंग्रेजी के समान प्रोत्साहन दिया जाता तो आप इसे कभी मृत भाषा  कहते अपितु इसके लाभ से भी परिचित होते।  
कुतर्क नंबर 3 - अंग्रेजी जैसी विदेशी भाषा को सीखने से रोजगार के नवीन अवसर मिलने की अधिक सम्भावना है जबकि संस्कृत सीखने का कोई लाभ नहीं है। दुनिया के साथ हमकदम होकर चलने, आधुनिक ज्ञान और प्रौद्योगिकी की जानकारी हासिल करने के लिए अंग्रेजी अनिवार्य है। इससे आगे चलकर तकनीकी क्षेत्रों और शोध में भी मदद मिलती है।
समाधान- लगता है आप अपनी छोटी सी दुनिया तक सीमित है। विश्व में अनेक देश अपनी राष्ट्रभाषा को प्रोत्साहन देकर विकसित देशों की सूची में शामिल हुए है। जैसे रूस वाले रुसी भाषा, चीन वाले चीनी भाषा, जापान वाले जापानी भाषा, फ्रांस वाले फ्रांसीसी भाषा, इटली वाले इटालियन भाषा सीख कर ही संसार में अपना सिक्का ज़माने में सफल हुए है। अंग्रेजी भाषा मुख्य रूप से उन देशों में अधिक प्रचलित है जिन देशों पर अंग्रेजों ने राज किया था।  स्वतंत्र होने के पश्चात भी उन देशों के लोग गुलामी की मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाए है। वे अब भी अपने देश के श्रेष्ठ मान्यताओं को निकृष्ठ एवं अंग्रेजों की निम्नस्तरीय मान्यताओं को श्रेष्ठ समझते हैं। यही नियम आप पर भी लागु होता है। आप भूल गए कि संविधान निर्माता डॉ अंबेडकर द्वारा अंग्रेजी के स्थान पर संस्कृत को मातृभाषा बनाने का प्रस्ताव दिया गया था।  जिसे अंग्रेजी समर्थक लोगों ने लागु नहीं होने दिया। जब अन्य देश अपनी मातृभाषा में शोध और आधुनिक ज्ञान प्राप्त कर सकते हैं। तो फिर भारत संस्कृत के माध्यम से क्यों नहीं कर सकता?
कुतर्क नंबर 4- संस्कृत भाषा में रोज़गार की सम्भावना न के बराबर है। संस्कृत जानने वालों का भविष्य उन्नत नहीं है।
समाधान- लगता है आप व्यावहारिक एवं सामाजिक यथार्थ से अनभिज्ञ है। हमारे शिक्षा पद्यति में अनेक पाठ्क्रम विद्यमान है जैसे विज्ञान, वाणिज्य, ललित कलाएं आदि। इनमें से उतीर्ण होने वाले क्या सभी बालक क्या अपनी शिक्षा को रोजगार में प्रयोग कर पाते है? नहीं। बहुत सारे छात्र अपने पारिवारिक व्यवसाय को चुनते है, बहुत सारे अन्य कार्य करते है।  इसलिए यह कहना कि संस्कृत शिक्षा प्राप्त भूखे मरेगे केवल अपनी अव्यवहारिक कल्पना हैं। हमने अनेक संस्कृत शिक्षा प्राप्त छात्रों को IAS, IPS तक बनते देखा है।  दूसरी ओर पढ़े लिखे बेरोजगार भी देश में बहुत है। 
आपको एक अन्य उदहारण भी देते है। JNU दिल्ली में राजनीती करने वाले अधेड़ छात्रों के शोध विषय देखिये। कोई बुद्धित स्टडीज से पीएचडी कर रहा है। कोई अफ्रीकन स्टडीज से पीएचडी कर रहा है। कोई पाली भाषा में शोध कर रहा है। कोई ग़ालिब की गजलों पर शोध कर रहा है।  इन सभी को उचित रोजगार मिलने कि क्या गारंटी हैं? अगर भूले भटके कोई शिक्षक लग गया तब तो ठीक है।  अन्यथा नारे लगाने के अलावा किसी काम का नहीं है। निश्चित रूप से अगर देश में संस्कृत भाषा में शोध होने लगे तो निश्चित रूप से संस्कृत भाषा के माध्यम से भी रोज़गार के अवसर पैदा होंगे। इसलिए भूखे मारने का कुतर्क अपने पास रखे।
कुतर्क नंबर 5- विदेशी भाषा को जानने से व्यापार आदि की संभावनाएं प्रबल होगी। इसलिए संस्कृत पर समय लगाना व्यर्थ है।

समाधान- संसार की सभी विदेशी भाषाओँ का ज्ञान किसी एक व्यक्ति को नहीं हो सकता। कामचलाऊ ज्ञान एक-दो भाषाओँ का हो सकता हैं। मगर इस कामचलाऊ ज्ञान के लिए संस्कृत जैसे महान भाषा की अनदेखी करना मूर्खता है। एक उदहारण से इस विषय को समझने का प्रयास करते है। एक सेठ की तीन पुत्र थे। वृद्ध होने पर उसने उन तीनों को आजीविका कमाने के लिए कहा और एक वर्ष पश्चात उनकी परीक्षा लेने का वचन दिया और कहा जो सबसे श्रेष्ठ होगा उसे ही संपत्ति मिलेगी। तीनों अलग अलग दिशा में चल दिए। सबसे बड़ा क्रोधी और दुष्ट स्वाभाव का था। उसने सोचा की मैं जितना शीघ्र धनी बन जाऊंगा उतना पिताजी मेरा मान करेंगे। उसने चोरी करना, डाके डालना जैसे कार्य आरम्भ कर दिए एवं एक वर्ष में बहुत धन एकत्र कर लिया। दूसरे पुत्र ने जंगल से लकड़ी काट कर, भूखे पेट रह कर धन जोड़ा मगर उससे उसका स्वास्थ्य बहुत क्षीण हो गया।  तीसरे पुत्र ने कपड़े का व्यापार आरम्भ किया एवं ईमानदारी से कार्य करते हुए अपने आपको सफल व्यापारी के रूप में स्थापित किया। एक वर्ष के पश्चात पिता की तीनों से भेंट हुई।  पहले पुत्र को बोले तुम्हारा चरित्र और मान दोनों गया मगर धन रह गया इसलिए तुम्हारा सब कुछ गया क्यूंकि मान की भरपाई करना असंभव हैं, दूसरे पुत्र को बोले तुम्हारा तन गया मगर धन रह गया इसलिए तुम्हारा कुछ कुछ गया और जो स्वास्थ्य की तुम्हें हानि हुई है उसकी भरपाई संभव हैं, तीसरे पुत्र को बोले तुम्हारा मान और धन दोनों बना रहा इसलिए तुम्हारा सब कुछ बना रहा। ध्यान रखो मान-सम्मान तन और धन में सबसे कीमती है।

यह मान सम्मान, यह नैतिकता, यह विचारों की पवित्रता, यह श्रेष्ठ आचरण, यह चरित्रवान होना यह सब उस शिक्षा से ही मिलना संभव हैं जिसका आधार वैदिक शिक्षा प्रणाली है।  जिस शिक्षा का उद्देश्य केवल जीविकोपार्जन हैं उससे इन गुणों की अपेक्षा रखना असंभव है। यह केवल उसी शिक्षा से संभव है जो मनुष्य का निर्माण करती है। मनुष्य निर्माण करने और सम्पूर्ण विश्व को अपने ज्ञान से प्रभावित करने की अपार क्षमता केवल हमारे वेदादि धर्म शास्त्रों में हैं और इस तथ्य को कोई नकार नहीं सकता है। जीवन यापन के लिए क्या क्या करना चाहिए यह आधुनिक शिक्षा से सीखा जा सकता हैं मगर जीवन जीने का क्या उद्देश्य हैं यह धार्मिक शिक्षा ही सिखाती हैं। समाज में शिक्षित वर्ग का समाज के अन्य वर्ग पर पर्याप्त प्रभाव होता हैं। अगर शिक्षित वर्ग सदाचारी एवं गुणवान होगा तो सम्पूर्ण समाज का नेतृत्व करेगा। अगर शिक्षित वर्ग मार्गदर्शक के स्थान पर पथभ्रष्टक होगा तो समाज को अन्धकार की और ले जायेगा। संस्कृत भाषा में उपस्थित वांग्मय मनुष्य को मनुष्यत्व सिखाने की योग्यता रखता हैं।  हमारे देश की अगली पीढ़ी को संस्कृत भाषा का पर्याप्त ज्ञान हो और उससे उन्हें जीवन में दिशानिर्देश मिले। यही संस्कृत की महत्ता है।
डॉ विवेक आर्य 

Wednesday, 15 February 2017

हमारे सैनिक सब से श्रेष्ठ हों


विश्व  में वही विजयी होते हैं ,जिनके पास अपार मनोबल हो ,जिससे वह असाध्य कार्य को भी बड़ी सरलता से कर सकें. विशव में वही सेनायें विजयी होती हैं , जिनके पासा अत्याधुनिक शस्त्र हों तथा विश्व में वही लोगविजयी होते हैं , वही देश विजयी होते हैं, वही सेनायें विजयी होती हैं, जिनके पास देवीय कृपा हो , देवताओं का आशीर्वाद हो . जिन देशों, जिन सेनाओं का मनोबल गिरा हुआ है , मायूस से हैं , उनको कभी विजय नहीं मिल सकती , जिस देश की सेनाओं के पास अत्याधुनिक तकनीक के शास्त्र नहीं हैं ,वह सेनायें भी युद्ध क्षेत्र में सदा भयभीत सी रहती हैं , उनका मनोबल गिरा सा होता है, इस कारण ऐसी सेनायें तो निराश सी, हताश सी हो कर युद्ध क्षेत्र में उतरती हैं , ऐसी सेनायें विजेता नहीं हो सकतीं तथा कर्म हीन सेनाओं के साथ देवता भी नहीं होते, इस कारण उन्हें देवताओं का आशीर्वाद भी नहीं होता, अत: वह भी विजयी नहीं होती. वेदों में ऐसे अनेक मन्त्र दिए हैं , जो हमें विजयी होने के साधन बताते हैं द्य जिन मन्त्रों के बताये मार्ग पर चलने से विजय निश्चित होती है . इस लिए विजयी होने के इच्छुक सैनिकों को वेद का स्वाध्याय अवश्य करना चाहिए तथा वेद में बताये विजय के उपायों को अवश्य ही अपनाना चाहिए. ऋग्वेद मन्त्र संख्या १०.१०३.११, अथर्व वेद मन्त्र संख्या १९.१३.११ यजुर्वेद मन्त्र संख्या १७.३ में विजय प्राप्त करने के बड़े सुन्दर साधन बताये गए हैं. मन्त्र इस प्रकार है -
अस्माकं वीरा उत्तरे भवन्तु -
अस्मां उ देवा अवता हवेषु अस्माकं इंद्रय सम्रितेशु ध्वजेशु -
अस्माकं या इश्वस्ता द्य जयन्तु || ऋग.१०.१०३.११,अथर्व.१९.१३.११ ,यजु. १७.४३ ||
शब्दार्थ
(द्वजेषु) शत्रु सेनाओं के ध्वजों के (सम्रितेशु) एकत्र होने पर (इंद ) परमात्मा (अस्माकं रक्षिता भवतु) हमारा रक्षक हो (अस्माकं ) हमारे (या) जो (इशवा) बाण हैं ( तारू) वे (जयन्तु) विजयी हों (अस्माकं) हमारे (वीरा) वीर (उत्तरे) विजयी (भवन्तु) हों (उ) और (हे देवारू) हे देवो ! (हवेषु) आह्वान पर अथवा संग्रामों मैं (आस्मां) हमे (आवतरू) रक्षा करो.
भावार्थ .
शत्रु सेनाओं के ध्वजों के उद्यत होने पर परमात्मा हमारा रक्षक हो द्य हमारे बाण विजयी हों. हमारी सेनायें (वीर) सर्वश्रेष्ठ सिद्ध हों . हे देवो ! हमारी पुकार पर तुम युद्धों में हमारी रक्षा करो .
इस मन्त्र में युद्ध सम्बन्धी तीन बातों की और ध्यान आकृष्ट किया गया है . ये तीन वातें हैं रू-
(१)हमारी सेना के बाण ( शस्त्र ) शक्तिशाली, आधुनिक प्राद्योगिकी से भरपूर तथा विजेता हों -
मन्त्र हमारा मार्ग दर्शन करते हुए बताता है कि हमारी सेनायें उच्चकोटि के शस्त्रों से सुसज्जित हो. आज शस्त्र प्रणाली विश्व में अति उत्तम, अति विकसित हो गयी है द्य वह समय गया, जब हम तीर, तलवार, गदा, लाठी, भाले या मुक्कों से युद्ध करते थे द्य युद्ध करते करते महीनों ही नहीं वर्षों बिताने पर भी कोई परिणाम सामने नहीं आता था. आज विज्ञान ने प्रत्येक क्षेत्र में क्रान्ति ला दी है. यही कारण है कि विश्व में अत्याधूनिक तकनीक के स्वामी अमरीका जैसे देश नहीं चाहते कि विश्व का कोई देश उनके समकक्ष बनकर उसे चुनौती दे , इसलिए उन्होंने युद्ध सामग्री की नवीनतम तकनीक पर एकाधिकार स्थापित रखने के लिए एक संगठन बना रखा है तथा एसा प्रयास करते रहते हैं कि कोई भी देश इस प्रकार के कार्य को अपने हाथ में न ले, यदि कोई इस पर कार्य करता है तो उसे परेशान करते हैं, ताकि वह इस कार्य से अपना हाथ हटा ले. इस बात को ही इस मन्त्र ने स्पष्ट किया है कि हमारी सेनाओं के पास उच्च तकनीक के नवीनतम शस्त्र हों. जिस सेना के पास जितने उच्च तकनीक के अत्याधुनिक शस्त्र होंगे ,वह उतनी ही सरलता से शत्रु को विजय करने का सामर्थ्य रखती है. अत: उच्च तकनीक से युक्त शस्त्रों से सुसज्जित सेनायें शत्रु पर शीघ्र ही विजयी होंगी. इस के लिए न केवल उच्चकोटि के शस्त्र ही चाहियें अपितु उन शस्त्रों को प्रयोग करने की तकनीक का भी महीन ज्ञान हमारे सैनिकों को होना आवश्यक है द्य अन्यथा उत्तम शस्त्र होने के पश्चात भी विजय हाथ नहीं लगेगी. कोई व्यक्ति हाथ में बन्दूक लिए है किन्तु उसे चलाना नहीं जानता तो वह उस बन्दुक का क्या करेगा ? जब कोई गुंडा उसे परेशान करेगा तो वह कैसे उसका प्रतिशोध लेगा. हो सकता है कि सामने का निहत्था व्यक्ति उसकी ही बन्दुक छीन कर उस पर उसी से ही गोली दाग दे. इससे स्पष्ट होता है कि विजय पाने के लिए अच्छे शस्त्रों के साथ ही साथ उनके प्रयोक्ता भी अच्छे ही होने चाहियें. विजय इन दोनों बातों पर ही निर्भर कराती है.
(२)युद्ध में हमारे वीर ( सैनिक सर्वश्रेष्ठ सिद्ध हों -
जिस देश के पास सैनिक सर्वोत्तम हैं , युद्ध भूमि में विजय उस देश को ही मिलती है. इन पंक्तियों से वेद मन्त्र ने हमारे वीर सैनिकों के लिए यह शिक्षा दी है कि वह युद्धभूमि में सर्वश्रेष्ठ हों द्य अब हम विचार करते हैं कि सर्वश्रेष्ठ कौन हो सकता .सेना में वह सेना ही सर्वश्रेष्ठ होती है , जिस की सैन्य शिक्षा अति उत्तम हो. अनुशासन भी सेना कीविजय का मुख्य आधार है . अनुशासन ही सेना की योग्यता का आधार है. यही सैनिक की योग्यता की कसौटी है. विश्व इस बात का साक्षी है कि जिस सेना में अनुशासन है वह सेना ही विजयी होती है द्य यदि सेना में अनुशासन नहीं है, अपने नेता का अनुगमन नहीं करती, सब सैनिक अपना अपना राग अलाप रहे हैं तो शत्रु के लिए विजय का मार्ग स्वयमेव ही प्रशस्त हो जाता है. अत: अनुशासन रहित सेना उत्तम शास्त्र रखते हुए भी विजय नहीं प्राप्त कर सकती. अत: विजय की कामना की पूर्ति के लिए सेना की सर्वश्रेष्ठता के लिए उस का उत्तम प्रशिक्षण तथा उसका अनुशासन बद्ध होना भी आवश्यक है.
(३)हमारे ऊपर देवों की ( प्रभु की) कृपा हो!
परमपिता परमात्मा सदा उसके ही साथ रहता है , जो सत्य व न्याय के लिए कार्य करता है. जब एक सैनिक निष्पक्ष हो कर सत्य व न्याय का ध्यान रखते हुए युद्ध क्षेत्र में उतरता है तो परमपिता परमात्मा उसकेकरी में उसका सहायक होता है . उसके कार्य को सम्पन्न करने में उसका सहयोगी होता है. अन्यायी व असत्य पथ पर चलने वाले की परमात्मा भी कभी सहायक नहीं होता. तभी तो योगिराज क्रिशन ने कहा था की जहाँ धर्म है, में उसका ही साथ दूंगा क्योंकि जिधर धर्म होता है, विजय उधर ही होती है . इस तथ्य का आधार भी यह वेद मन्त्र ही है .अत: विजय के अभिलाषी सैनिक के लिए यह भी आवश्यक है की वह न्याय का साथ कभी न छोड़े तथा धर्म का आचरण करे द्य एसा करने पर वह निश्चय ही अपने आश्रयदाता को विजय दिलवाने में सफल होगा. विदुरनीति में भी इस तथ्य पर ही प्रकाश किया है .विदुर जी लिखते हैं कि.-
यतो धर्मस्ततो जय विदुरनीति ७.९
अर्थात जहाँ धर्म है , वहां विजय है. अत: विजय के अभिलाषी सैनिक के लिए यह आवश्यक है कि उसके पास अत्याधुनिक सहस्त्र हों, इन शास्त्रों का पोअर्चालन भी वह ठीक से जानता हो द्य उसकी सैन्य शिक्षा भी उत्त्तम हो तथा अनुसासन में रहे . सदा सत्य व न्याय का पक्ष ले तो इसी सेना विश्व कि महानतम सेना होगी तथा इसी सेना ही विजय श्री का आलिंगन करेगी. अत: एसा गुण सेना को धारण करना चाहिए .
डॉ. अशोक आर्य

Sunday, 12 February 2017

महर्षि दयानन्द जी धार्मिक व सामाजिक क्रांति के पुरोधा

        19वीं सदी जब सारा भारत अंग्रेजों की दासता को अपना भाग्य समझकर सोया था। देशवासी अपनी गुलामी की जंजीरों को तोड़ने की बजाय उल्टा उनका श्रृंगार कर रहे थे। राजनैतिक और मानसिक दासता इस तरह लोगों के दिमाग में घर कर गयी थी कि आजादी की बात करना भी लोगों को एक स्वप्न सा लगने लगा था। देश और समाज को सती प्रथा, जाति प्रथा, बाल विवाह, पर्दा प्रथा, मूर्तिपूजा, छुआछूत एवं बहुदेववाद आदि बुराइयों ने दूषित कर रखा था, विभिन्न आडम्बरों के कारण धर्म संकीर्ण होता जा रहा था। ईसाइयत और इस्लाम अपने चरम पर था। हालाँकि भारत से मुगल शासन राजनैतिक स्तर पर खत्म हो गया था पर सामाजिक स्तर पर पूरी तरह हावी था। लोग वैदिक हिन्दू धर्म के प्रति उदासीन होते जा रहे थे। अपनी संस्कृति के प्रति कोई रुचि लोगों के अन्दर न रही थी। देश पर अंग्रेज तो धर्म पर पाखंड हावी था और सर्व समाज विसंगतियों के जाल में कैद था।

लेकिन उसी दौरान गुजरात के टंकारा नामक स्थान पर एक बालक का जन्म (फाल्गुन)  फरवरी माह सन् 1824 में हुआ था जिसका नाम मूलशंकर रखा गया। तत्पश्चात् समस्त विश्व में इन्हें स्वामी दयानन्द के नाम से जाना गया। जिसने इस समाज को जीना सिखाया, उस समाज को जो चुनौतियों के सामने समर्पण किये बैठा था और धार्मिक और राजनैतिक दासता स्वीकार किये बैठा था। छोटी-बड़ी जाति का भेद जोकि सैकड़ों साल की गुलामी का कारण थी। उसे लोग सीने से चिपकाये बैठे थे। उस समय दया के धनी देव दयानन्द जी महाराज ने जनसमूह को सच्चाई से अवगत कराया कि छुआछूत की भावना या व्यवहार एक अपराध है जोकि वेदों के सिद्धांत के विपरीत है। धर्म और जाति पर आधारित बहुत-सी बुराइयों तथा अंधविश्वास पर चोट करते हुए  स्वामी जी ने कुप्रथाओं, विसंगतियों के रखवाले  पाखंडियों को ललकारा। उन्हें बताया कि जो अपने कार्य व व्यवहार से ब्राह्मण तुल्य व्यवहार करता है वही श्रेष्ठ है न कि कोई जन्म जाति के आधार पर।

     प्रार्थना के साथ-साथ प्रयास करना भी जरूरी है यह सिखाया। स्वामी जी की इस ललकार से समाज की चेतना हिली। स्वामी जी ने धार्मिक सुधार के साथ राजनैतिक सुधार की बात कर अंग्रेजों के सिंहासन तक को हिला डाला। जब अंग्रेज महारानी भारतियों को यह कहकर दासता का घूंट पिला रही थी कि हम भारतीयों का अपने बच्चों की तरह ख्याल रखेंगे तब स्वामी जी ने कहा था राजा स्वदेश की मिट्टी से पैदा होना चाहिए जिनकी जड़ें अपनी देश की मिट्टी में हां जो विदेश से आयातित न हो जिनकी आस्था अपनी धर्म संस्कृति, सभ्यताओं, परम्पराओं में हो। बाद में स्वामी जी के इन्हीं वाक्यों ने अंग्रेजी सत्ता की नींव हिला दी थी। स्वामी दयानंद सरस्वती जी सर्वदा सत्य के लिए जूझते रहे, सत्याग्रह करते रहे। उन्होंने अपने उद्देश्य-प्राप्ति के लिए कभी हेय और अवांछनीय साधन नहीं अपनाए। स्वामीजी ने आने वाली पीढ़ी के सोचने के लिए देश, जाति और समाज के सुधार, उत्थान और संगठन के लिए आवश्यक एक भी बात या पक्ष अछूता नहीं छोड़ा।


         इसी समय देश में पुनर्जागरण हुआ। देश ने अंगड़ाई ली जो सैंकड़ों सालों से युवा जात-पात के लिए आपस में लड़ रहे थे। उन्हें समझाया कब तक दूसरों के लिए लड़ोगे! कभी इस राजा के लिए कभी उस राजा के लिए, कभी अपनी जाति के लिए तो कभी आडम्बरां की रक्षा के लिए? उठो जागो! अब राष्ट्र की एकता धर्म के सिद्धांत के लिए, राष्ट्र निर्माण के लिए सीना तानकर खड़े हो जाओ। इस कारण आधुनिक भारत के निर्माण को प्रोत्साहन मिला। अँग्रेजी सरकार स्वामी दयानंद से बुरी तरह तिलमिला गयी। स्वामीजी से छुटकारा पाने के लिए, उन्हें समाप्त करने के लिए तरह-तरह के षड्यंत्र रचे जाने लगे जिसमें पाखंडियों का सहयोग भी नहीं नकारा जा सकता जो इस भारत को धर्म के नाम पर लूट रहे थे। धर्म सुधार हेतु अग्रणी रहे दयानंद सरस्वती ने अप्रैल1875 में मुंबई में आर्य समाज की स्थापना की।  वेदों का प्रचार करने के लिए उन्होंने पूरे देश का  दौरा करके पंडित और विद्वानों को वेदों की महत्ता के बारे में समझाया। 

       स्वामी जी ने धर्म परिवर्तन कर चुके लोगों को पुनः हिन्दू बनने की प्रेरणा देकर शुद्धि आंदोलन चलाया। पुनः वैदिक कॉलेजों की स्थापना होने लगी। हिन्दू समाज को इससे नई चेतना मिली और अनेक संस्कारगत कुरीतियों से छुटकारा मिलना आरम्भ हो गया। स्वामी जी ने एकेश्वरवाद का रास्ता दिखाया। उन्होंने जातिवाद और बाल-विवाह का विरोध किया और नारी शिक्षा तथा विधवा विवाह को प्रोत्साहित किया। उनका कहना था कि किसी भी अहिन्दू को हिन्दू धर्म में लिया जा सकता है जिस कारण उस समय हिन्दुओं का धर्म परिवर्तन रुक गया। उन्होंने इस सर्व समाज को सत्यार्थ प्रकाश जैसा सही रास्ता दिखाने वाला ग्रन्थ दिया। अपनी युवावस्था, अपना जीवन, अपना सर्वस्व इस देश और समाज को दिया। क्या स्वामी जी का यह बलिदान कोई भूल सकता है। वे प्रत्येक की पूर्ति के लिए मनसा, वाचा, कर्मणा मरण-पर्यन्त प्रयत्नशील रहे उन्होंने अपने उपदेशों, लेखों द्वारा और लोगों के सम्मुख अपना पावन आदर्श तथा श्रेष्ठ चरित्र उपस्थित करके देश में जागृति उत्पन्न कर दी जिससे भावी राजनैतिक नेताओं का कार्य बहुत ही सुगम व सरल हो गया।निःसंदेह स्वामी दयानंद सरस्वती राष्ट्र-निर्माता थे। महर्षि देव दयानन्द जी के जन्मोत्सव पर उन्हें शत्-शत् नमन।
-राजीव चौधरी


Saturday, 4 February 2017

आतंकवाद से ऐसे होगी मुक्ति

अतीत का एक हल्का सा झरोखा, एक क्षण को ऐसा प्रतीत हुआ जैसे हम अपने देश के किसी गाँव में हो अपनी सांस्कृतिक पोशाके पहने घूमते बच्चे, किसी महिला के हाथ में हाथ की आटा चक्की तो कोई पुरुष हाथ की चारा काटने की मशीन पर खड़ा है, यह नजारा हिन्दू आध्यात्मिक सेवा मेला गुरुग्राम हरियाणा में देखने को मिला. जिसमे करीब उत्तर भारत के 400 हिन्दू संगठनों ने भाग लिया. आर्य समाज की इस मेले में विशेष उपस्थिति थी. दो फरवरी से पांच फरवरी तक चलने वाले इस मेले में देश की सांस्कृतिक और आध्यत्मिक छठा देखते ही बन रही थी. दिल्ली आर्य प्रतिनिधि सभा के तत्वावधान में आर्य समाज के वैदिक साहित्य के स्टाल हर किसी को अपनी और आकर्षित कर रहा था. अखंड भारत की कल्पना के साथ भारतीय संस्कृति, सभ्यता, इतिहास और सेवा कार्यों की झलक दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के लिए हरियाणा में पहली बार मेले का आयोजन किया गया

हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर -29 लेजर वैली मैदान में पहली बार आयोजित हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के उदघाटन आचार्य देवव्रत जी महामहिम राज्यपाल हिमाचल प्रदेश ने किया उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि भारतीय हिन्दू अध्यात्मवाद वैदिक संस्कृति पर आधारित है. वेदों में अध्यात्म व भोगवाद पर गंभीर चिंतन किया गया है. यजुर्वेद के 40 वें अध्याय का पहला श्लोक हमें यह बताता है कि संसार के कण-कण में भगवान विद्यमान हैं. वैदिक संस्कृति पर आधारित हमारी भारतीय संस्कृति भोगवाद का विरोध नहीं करती लेकिन मनुष्य को सीख देती है कि उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का त्याग पूर्वक भोग करो. इसलिए हमें संसार में उपलब्ध सभी प्राकृतिक संसाधनों का भोग यह समझ कर करना चाहिए की ये दुनिया किसी और यानी ईश्वर की है. इसका नाजायज दोहन नहीं किया जाना चाहिए. अगर इस चिंतन को दुनिया आत्मसात कर ले तो आतंकवाद जैसी समस्या के लिए दुनिया में कोई जगह नहीं रहेगी. मेले के उद्घाटन के पश्चात महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत जी ने आर्य समाज दिल्ली आर्य प्रतिनिधि सभा और विचार टीवी के संयुक्त स्टाल 197-198 पर पधारकर उद्घाटन किया. दिल्ली सभा की और से ओ३म शब्द की प्रतीकत्मक तस्वीर भेंट की गयी. जेबीएम ग्रुप के चेयरमैन एस के आर्य जी ने स्टॉल पर दीप प्रज्वलित किया.

उन्होंने अपने सम्बोधन में इस बात पर गहरी चिंता व्यक्त की कि आज का चिंतन पश्चिम से प्रभावित है जो ईट ड्रिंक एंड बी मैरी के क्षणिक सिद्धांत पर आधारित है. इसका श्रोत यूरोप रहा है जहाँ केवल वर्तमान जन्म की चिंता की जाती है अगले जन्म की परिकल्पना बिल्कुल नहीं. इसके कारण दुनिया आज समस्याओं से घिरी है क्योंकि यूरोपीय सोच में सहअस्तित्व के लिए कोई जगह नहीं है. उन्होंने याद दिलाया कि हमारे वेदों में स्वयं भगवान ने कहा है कि यह दुनिया, पहाड़, नदी, नाले, जीव-जन्तु मैंने दिए हैं। इसे अपना समझ कर भोग मत करो। उन्होंने कहा कि भगवान ने प्रकृति में हर चीज किसी उद्देश्य दे दिए हैं. राज्यपाल ने अध्यात्म के दो शब्द अस्तेय व अपरिग्रह की व्याख्या कर यूरोप व भारतीय चिंतन को परिभाषित किया.
भारतीय चिंतन कहता है कि यह विश्व आपका नहीं है क्योंकि जब आपका जन्म हुआ तब आप दुनिया ले कर नहीं आये थे और जब मृत्यु होगी तब भी आप दुनिया को साथ लेकर नहीं जायेंगे. उनके शब्दों में इसका मतलब साफ है कि यह सृष्टि परमात्मा की बनाई हुई ही नहीं बल्कि हर वास्तु में परमत्मा व्याप्त हैं. इसलिए ही वेदों में भगवान ने कहा है कि यदि तू मुझे प्राप्त करना चाहता है तो मेरे बनाये सभी प्राणियों से तू प्रेम कर और सबका खयाल रख यहं तक कि तू सबमें मुझे ही देख, मेरा ही दर्शन कर. आचार्य देवव्रत ने इस बात पर बल दिया कि भारतीय चिंतन को यदि विश्व में सभी मानने लग जाएं तो दुनिया में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं रहेगी क्योंकि भारतीय चिंतन वाला व्यक्ति प्राणी मात्र में अपनी आत्मा व परमात्मा को देखता है.



इस अवसर पर अपने स्वागत भाषण में जेबीएम ग्रुप के चेयरमैन एस के आर्य ने कहा कि इस मेले का आयोजन 6 बिंदुओं-वन एवं वन्य प्राणियों, पर्यावरण, मानवीय मूल्यों, नारी सम्मान, देशप्रेम तथा सांस्कृतिक सुरक्षा को लेकर किया जा रहा है. इन 6 बिंदुओं के माध्यम  से हमारी समृद्ध संस्कृति को लोगों विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाना है. इस मेले में सैनिक सम्मान के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित गये, जिसमें देश की सेवा करते हुए परमवीर चक्र पाने वाले जवानों को सम्मानित किया गया. परमवीर वंदन नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में रिटायर जनरल जी. डी. बक्सी समेत सैकड़ों पूर्व सैनिक हिस्सा लिया. इस मेले में 51 हजार विद्यार्थियो  ने एक साथ वंदे मातरम गीत गाकर आकाश को गुंजायमान किया. ....
राजीव चौधरी 

Monday, 23 January 2017

कलियुग में भगवानों का जुलुस

 कलियुग में एक बार सभी भगवानों का जुलुस निकला। भगवानों के जुलुस में उनके साथ उनके श्रदालु, सेवक अपने अपने इष्ट देव के गुण गान करते हुए निकल रहे थे। दर्शकगण बड़े उत्साह से जुलुस देखने निकले। सबसे आगे परम पिता परमात्मा परमेश्वर थे जिनके साथ बमुश्किल 1-2 श्रद्धालु थे। एक दर्शक ने पूछा भाई आप के साथ इतने कम लोग क्यों है। एक चतुर पास खड़ा था। वह बोला की मैं बताऊ? सभी के हाँ कहने पर बोला की आज कलियुग है। पहले आप की बहुत प्रतिष्ठा थी या यह कहे की इनका एकछत्र राज्य था। सम्पूर्ण संसार एक सर्वव्यापक निराकार ईश्वर की उपासना करता था। अब समय बदल गया है। 1 -2 व्यक्तियों को छोड़कर सभी साकार अवतारों की, गुरुओं की पूजा करने लग गए है। अब न लोग परमेश्वर के गुण, कर्म और स्वाभाव से परिचित है और न ही उन्हें जानने का प्रयास करते है।

परमेश्वर के पीछे श्री राम जी का जुलुस निकला। भीड़ कुछ कुछ थी परन्तु विशेष उत्साह नहीं दिखा। एक दर्शक ने पूछा भाई आप के साथ इतने कम लोग क्यों है। चतुर से फिर उत्तर मिला आप की सतयुग में बड़ी प्रतिष्ठा थी। लोग आपको आदर्श एवं मर्यादावान मानते थे। कालांतर में आप के चरित्र के स्थान पर चित्र की पूजा होने लगी। फिर आप के नाम से विशेष मंदिर और मूर्तियां बनने लग गई। पहले आपके जीवन चरित्र रामायण की अमर गाथा में आये संदेशों का पालन कर लोग अपने आपको मोक्षपथ का पथिक बनाते थे फिर इनके जीवन चरित्र रामायण की अमर गाथा को सुनने भर से मोक्ष प्राप्ति मानने लग गए है। अब तो बस आपका प्रभाव रामनवमी और दशहरा-दिवाली तक ही सीमित है। इन दिनों में लोग यदा-कदा आप का स्मरण करते है। इसलिए विशेष उत्साह नहीं दीखता है।

श्री राम जी के पीछे श्री कृष्ण जी का जुलुस निकला। कुछ लोग उछलते-कूदते नज़र आये। मगर विशेष उत्साह अभी भी नहीं दिखा। एक दर्शक ने पूछा भाई आप के साथ इतने कम लोग क्यों है। चतुर से उत्तर मिला आप की द्वापर युग में बड़ी प्रतिष्ठा थी। लोग आपको नीतिनिपुण एवं योगिराज मानते थे। आप के नाम से भी विशेष मंदिर और मूर्तियां बनने लग गई। कालांतर में आप के चरित्र के साथ ऐसा खिलवाड़ हुआ की आप के असली चरित्र को ही लोग भूल गए। पहले आप की एक ही पत्नी रुक्मणी थी जिनके साथ आप ने 12 वर्ष तक विवाह के पश्चात ब्रह्मचर्य आश्रम का पालन किया था बाद में आप की प्रेमिका राधा बना दी गई, एक नहीं दो नहीं 16000 गोपियों के साथ आप का सम्बन्ध बना दिया गया। कोई रणछोड़ कहने लगा, कोई माखनचोर कहने लगा, कोई राधावल्लभ कहने लगा तो कोई रसिया कहने लगा । कुल मिलाकर आप की इज्जत का फलूदा आप ही के भक्तों ने बना डाला। अब लोग लड़कियां छेड़ने के लिए बहाने बनाने में आप का नाम लेते है और अपने अनैतिक कर्मों को रासलीला कहते है। अब तो बस आप का प्रभाव जन्माष्ठमी तक सीमित हैं। इन दिनों में लोग यदा-कदा इन्हें स्मरण करते है। इसलिए विशेष उत्साह नहीं दीखता है।

श्री कृष्ण जी के पीछे हनुमान जी का जुलुस निकला। आप के साथ भी कुछ भगत थे। । एक दर्शक ने पूछा भाई आप के साथ इतने कम लोग क्यों है। चतुर से उत्तर मिला आप की पहले बड़ी प्रतिष्ठा थी। लोग आपको बल,शक्ति और ब्रह्मचर्य मानते थे। आप के नाम से भी विशेष मंदिर और मूर्तियां बनने लग गई। हनुमान जी चारों वेदों के ज्ञाता, महाविद्वान एवं परमबलशाली थे। कालांतर में आपको बन्दर के रूप में चित्रित कर दिया गया। अब लोग भीख मांगने के लिए आपके जैसा वेश धारण करते हैं। आप के चरित्र और गुणों से कोई शायद ही प्रेरणा लेता हैं। अब तो बस आप का प्रभाव मंगलवार तक सीमित हैं। इसलिए विशेष उत्साह नहीं दीखता है।

हनुमान जी के पीछे महात्मा बुद्ध का जुलुस निकला। आप के जुलुस के साथ भी नाम लेवा लोग थे। एक दर्शक ने पूछा भाई आपके साथ इतने कम लोग क्यों है। उत्तर मिला आपकी पहले बड़ी प्रतिष्ठा थी। आप महान समाज सुधारक थे। आपने यज्ञों में पशुबलि एवं छुआछूत के विरुद्ध जीवनभर प्रयास किया एवं महान सफलता पाई। कालांतर में आपके बहुत से भगत हुए। मगर दया, संयम, क्षमा, दम, अस्तेय के आपके सन्देश के स्थान पर माँसाहार, तांत्रिक पूजा, उन्मुक्त सम्बन्ध, हिंसा आदि आपके नाम से स्थापित विहारों में ज्यादा प्रचलित रहा। कुछ छदम भगत जो अपने आपको नव-बुद्ध मानते है आपकी समता की शिक्षाओं का प्रयोग जातिवाद एवं राजनैतिक रोटियां सेकने के लिए करते हैं मगर आपका सच्चा भगत तो कोई विरला ही मिलता है। अब तो आपका प्रभाव बुद्ध पूर्णिमा तक सीमित है। उस दिन लोग यदा-कदा इन्हें स्मरण करते है। इसलिए विशेष उत्साह नहीं दीखता है।

महात्मा बुद्ध के पीछे शंकराचार्य का जुलुस निकला। आप के जुलुस के साथ भी नाम लेवा लोग थे। एक दर्शक ने पूछा भाई आपके साथ इतने कम लोग क्यों है। चतुर से उत्तर मिला इनकी पहले बड़ी प्रतिष्ठा थी। आप महान समाज सुधारक थे। आपने नास्तिक मतों के विरुद्ध संघर्ष किया एवं लोप हो रहे वेद विद्या के ज्ञान का पुनरुद्धार किया। आपके महान तप से वेदों को खोई हुई प्रतिष्ठा मिली। आपने भारत देश की चारों दिशाओं में धर्म रक्षा के लिए मठों की स्थापना करी और संस्कृत एवं विद्या की रक्षा के लिए अखाड़ों को स्थापित किया। जहाँ पर शस्त्र एवं शास्त्र दोनों का सम्मान था। आपको पहले शिव का अवतार एवं तत्पश्चात ईश्वर ही कहा जाने लगा। आपने अपनी पुस्तक परापूजा में मूर्ति पूजा का विरोध लिखा उसके विपरीत आप ही की मूर्तियां बनाकर उन्हें पूजा जाने लगा। आपके बनाये मठों में धन-संपत्ति पर बैठकर उनके संचालक निश्चेतना की प्रगाढ़ निंद्रा में सो गए है और अखाड़ें में बैठे नागा साधु नशे की निंद्रा में सो गए है। अब तो बस आपका प्रभाव मठों और अखाड़ों तक ही सीमित है। इसलिए विशेष उत्साह नहीं दीखता है।

इस प्रकार से अनेक देवी देवताओं का जुलुस निकला उनका भी यही हाल था। उनके पीछे अनेक गुरुओं का भी जुलुस निकला। चतुर ने बताया की सभी गुरुओं के चेले अपने अपने गुरु को भगवान बता रहे थे। गुरु की सेवा, गुरु के नाम स्मरण, गुरु की कृपा से मोक्ष प्राप्ति बता रहे थे। उनके लिए इस बात से कोई अंतर नहीं पड़ता था की उनके गुरु चाहे बलात्कार के आरोप में जेल में बंद हो, चाहे अनेक रोगों से पीड़ित होकर रोग शैया पर पड़े हो, चाहे वृद्धावस्था के कारण देखने, सुनने और चलने में अशक्त हो। उनके लिए तो जीवन के सभी दुखों से, सभी असफलताओं से, सभी समस्यायों से बचाने की अगर कोई शक्ति रखता था तो वो केवल और केवल गुरु था क्यूंकि गुरु के बिना कलियुग में कोई भी ईश्वर की प्राप्ति नहीं करा सकता, कोई मोक्ष नहीं दिला सकता था। गुरुओं के ठाठ देख कर यही लगा की इनके चेले अंधे है और अंधे ही रहेंगे। सभी गुरुओं के पीछे कुछ भीड़ थी मगर दर्शकों को लगा की ये सभी मानसिक गुलाम हैं न की सत्य अन्वेषक है। इस प्रकार से विभिन्न गुरुओं के जुलुस भी निकल गए।

दर्शकों को अभी भारी भीड़ वाले जुलुस की प्रतीक्षा थी और भारी भरकम भीड़ वाले जुलुस की प्रतीक्षा समाप्त हुई। चारों और नरमुंड ही नरमुंड। पाँव रखने तक का स्थान नहीं था। दर्शकों को यह उत्सुकता हुई की यह किसका जुलुस था। मगर कोई व्यक्ति नहीं दिखा। चतुर ने बताया की देखों मध्य में कोई पत्थर लिए जा रहे हैं। और पता करने पर पता चला की यह अजमेर वाले ख्वाजा ग़रीब नवाज़ की कब्र थी। ये सभी चेले अपने आपको सेक्युलर मानते है और हिन्दू-मुस्लिम एकता की स्थापना के लिए मुसलमानों की कब्रों पर सर पटकने को अपना धर्म मानते है। चतुर से पूछा गया की हिन्दुओं का ग़रीब नवाज़ से क्या सम्बन्ध है। तो वह बोला की हमारे देश के अंतिम हिन्दू सम्राट पृथ्वीराज चौहान को हराने वाले मुहम्मद गौरी का गरीब नवाज मार्गदर्शक था। उसने सबसे पहले इस्लामिक तलवार की काफिर हिन्दू राजा पर विजय की दुआ करी थी। उसने पुष्कर धर्मनगरी के पवित्र घाटों पर मांस पकाकर खाया था एवं पृथ्वीराज के सेना की गुप्त खबरे गौरी तक पहुंचाई थी। सुनकर दर्शकों के मुंह खुले के खुले रह गए। उन्हें यह समझ में नहीं आया की ये लाखों लोगों की भीड़ गरीब नवाज का अनुसरण क्यों कर रही है। गरीब नवाज ने हिन्दू समाज का कैसा अहित किया है उसके बारे में जानने के पश्चात तो कोई मुर्ख हिन्दू उसके जुलुस में शामिल होगा। चतुर ने एक जुलुस में शामिल बन्दे को गरीब नवाज की हकीकत बताई तो वह बोला की भगत तो अँधा होता है। हमें यह नहीं देखना चाहिए की हम किसकी भक्ति कर रहे है। बस भक्ति करनी चाहिए। चतुर और अन्य दर्शक सर खुजला कर रह गए मगर अक्ल के अंधे आँख के अंधों से भी ज्यादा अंधे निकले।
अंत में आखिरी जुलुस दिखने लगा। ऐसे भीड़ किसी भी भगवान के जुलुस में अभी तक देखी नहीं गई। दर्शकों की उत्सुकता यह जानने के लिए बढ़ गई की यह कौन सा भगवान है जिसके साथ सबसे अधिक भीड़ है। पास आने पर स्पष्ट हुआ की यह शिरडी के साईं बाबा है। सबसे अधिक चेले, भगत अगर आज किसी के है तो वह शिरडी के साईं के है।सबसे अधिक भीड़ देखकर सभी दर्शक आपस में वार्तालाप करने लगे की इससे तो यही सिद्ध हुआ की कलियुग में सबसे बड़े भगवान अगर कोई है तो शिरडी के साई बाबा है। चतुर पास ही खड़ा सुन रहा था वह बोला क्या आप जानते है की वह शिरडी के साईं बाबा कौन थे ? दर्शकों की उत्सुकता जानने की हुई और वे बोले जी अवश्य जानना चाहेंगे। चतुर ने बताया की आपका असली नाम चाँद मुहम्मद था, आप मस्जिद में रहते थे, पांच टाइम के नमाज़ी थे, मांस मिश्रित बिरयानी का शोक रखते थे और सबका मालिक एक कहते थे। आपका समाज पर उपकार का विश्लेषण करे तो आपके बारे में केवल यही प्रसिद्द हैं की आप कुछ चमत्कार करने की काबिलियत रखते थे और वे सभी चमत्कार और आपकी ख्याति महाराष्ट्र के एक छोटे से गाँव तक ही सीमित रही थी। यद्यपि जिस काल में आप इस देश में रहे उस काल में देश में अंग्रेजों का क्रूर राज्य रहा, भूकम्प, प्लेग, बाढ़ और अकाल से लाखों मौतें हुई पर आपने कोई चमत्कार न दिखाया जिससे देश और उसके निर्धन निवासियों का कुछ भला होता। आपकी ख्याति 100 साल तक केवल एक गाँव तक सीमित क्यों रही इसका कारण भी मालूम नहीं चलता। पर अब तक आपके चेलों ने आपके गुड़ की शक्कर ही बना दी है। आपको न केवल सबसे बड़ा भगवान बना दिया है अपितु आपको देश के 90 % मंदिरों में स्थान दे दिया है। और स्थान भी कोई ऐसा वैसा नहीं बल्कि सबसे बड़ी मूर्ति, सबसे भव्य मूर्ति, सबसे मध्य में आपकी बनाई गई है जिसके आगे बाकि सभी भगवानों की मूर्तियां बौनी लगे।

विडंबना यह है की हिन्दू समाज को यह भी नहीं मालूम की साईं बाबा की पूजा वे लोग क्यों कर रहे है। धनी इसलिए कर रहे है क्यूंकि वे समझते है की उनका धन कहीं चला न जाये और निर्धन इसलिए कर रहे है की उनके पास धन आ जाये। सभी चमत्कार में विश्वास रखते है। धर्म शास्त्र जैसे वेद, गीता आदि में वर्णित कर्म-फल का सिद्धांत उन्हें देर से परिणाम देने वाला और अप्राप्य प्रतीत होता है और चमत्कार अधिक प्रभावशाली एवं शीघ्रता से परिणाम देने वाला प्रतीत होता है । जबकि वह यह नहीं जानते की प्रतिष्ठता, स्वार्थ आदि की पूर्ति के लिए मनुष्यों की अविद्या, अज्ञानता एवं असमर्थता का लाभ उठाने के प्रपंच का नाम चमत्कार है।चमत्कार अन्धविश्वास के अतिरिक्त कुछ भी नहीं हैं और मुर्ख लोग ही इसमें विश्वास करते है।

चतुर की बात सुनकर दर्शक सोच विचार में लग गए और उनसे पूछने लगे की भाई जी यह तो बताये की ईश्वर की सत्य परिभाषा क्या है एवं ईश्वर क्या कर्म करते हैं। इस पर चतुर ने उत्तर दिया की ईश्वर सच्चिदानंदस्वरूप, निराकार, सर्वशक्तिमान, न्यायकारी, दयालु, अजन्मा, अनंत, निर्विकार, अनादि, अनुपम, सर्वाधार, सर्वेश्वर, सर्वव्यापक, सर्वांतर्यामी, अजर, अमर, अभय, नित्य, पवित्र और सृष्टिकर्ता है और उसी की उपासना करने योग्य है। समाज में जितने भी भगवान अवतार के नाम पर प्रचलित है जिनके नाम पर अनेक मंदिर, अनेक मूर्तियां बनाई गई है सभी मनुष्य की कल्पना है। श्री राम और कृष्ण जी महाराज हमारे महान पूर्वज थे जिनके जीवन से मर्यादा और चरित्र का पवित्र सन्देश हमें प्रेरणा देता है परन्तु वे भी उसी वैदिक ईश्वर के ही उपासक थे। आज समाज में सभी प्रकार के अन्धविश्वास एक ही क्षण में समाप्त हो सकते है अगर सर्वव्यापक और निराकार ईश्वर की सत्ता को हर व्यक्ति स्वीकार करने लगे। वैदिक ईश्वर को जानने वाला व्यक्ति कभी पाप कर्म नहीं और आत्मिक उन्नति करता हुआ परम सुख मोक्ष को धारण करता है। और जो लोग इस सुख की प्राप्ति करने के लिए विभिन्न प्रकार के प्रपंचों का सहारा लेते है वे अज्ञानता के सागर में डूबकर जन्म-जन्मान्तर तक ऐसे ही भटकते रहते है। इसलिए भ्रम से बाहर निकलिये और यथार्थ को स्वीकार करते हुए वेद पथ के गामी बनिए।


आप सभी पाठकों में से कौन कौन चतुर है, कौन कौन दर्शक है और कौन कौन जुलुस में शामिल है आप स्वयं निर्णय कीजिये।। वैदिक धर्म के सम्बन्ध में सैद्धांतिक जानकारी के लिए फेसबुक पर इस पेज को ज्वाइन कीजिये facebook.com/arya. samaj को like कीजिये.......डॉ विवेक आर्य